8 ग्रह वाले एक और सौरमंडल की खोज
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा को बड़ी सफलता मिली है। NASA के केपलर स्पेस टेलीस्कोप ने हमारे जितना बड़ा ही एक और सोलर सिस्टम ढूंढ निकाला है। यह स्टार सिस्टम पहले ही खोजा गया था, अब वहीं पर आठवें ग्रह की भी पहचान कर ली गई है। ऐसे में सूर्य या उस जैसे किसी स्टार की परिक्रमा करने के मामले में केप्लर-90 सिस्टम की तुलना हमारे सौरमंडल से की जा सकती है। खास बात यह है कि इस खोज में गूगल की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली गई, जो इंसानों के रहने योग्य ग्रहों की तलाश करने में काफी मदद करेगा। केप्लर-90 सोलर सिस्टम की आठवें ग्रह का नाम केपलर-90i हैं। गूगल और नासा के इस प्रोजेक्ट द्वारा हमारे जैसे ही सौरमंडल की खोज से इस बात की उम्मीद बढ़ी है कि ब्रह्मांड में किसी ग्रह पर एलियन मौजूद हो सकते हैं। दिलचस्प है कि केपलर-90 के ग्रहों की व्यवस्था हमारे सौरमंडल जैसी ही है। इसमें भी छोटे ग्रह अपने स्टार से नजदीक है और बड़े ग्रह उससे काफी दूर मौजूद है। NASA के अनुसार, इस खोज से पहली बार स्पष्ट होता है कि दूर कहीं स्टार सिस्टम में हमारे जैसे ही परिवार मौजूद हो सकते हैं। यह सौरमंडल हमसे करीब 2,545 प्रकाश वर्ष दूर है। खगोल विज्ञानी एंड्रयू वांडबर्ग ने कहा कि, 'नया ग्रह पृथ्वी से करीब 30 फ़ीसदी बड़ा माना जा रहा है। हालांकि यह ऐसी जगह नहीं है, जहां आप जाना चाहेंगे।' उन्होंने बताया कि यहां काफी चट्टाने है और वातावरण भी घना नहीं है। सतह का तापमान काफी ज्यादा है और इससे लोग झुलस सकते हैं। वांडबर्ग के मुताबिक सतह का औसत तापमान करीब 800 डिग्री फारनहाइट हो सकता है।

No comments:
Post a Comment